मुंबई। सुपरस्टार अल्लू अर्जुन इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म राका को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म पुष्पा 2 की ऐतिहासिक सफलता के बाद दर्शक उनकी अगली फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। निर्देशक एटली के निर्देशन में बन रही इस फिल्म का शीर्षक पहले एए22 रखा गया था, जिसे अब आधिकारिक तौर पर राका नाम दिया गया है। हाल ही में फिल्म से अल्लू अर्जुन का पहला लुक जारी किया गया है, जिसमें वे बेहद खूंखार और अलग अंदाज में नजर आ रहे हैं। इस फिल्म में दीपिका पादुकोण मुख्य अभिनेत्री के तौर पर पहले ही शामिल हो चुकी हैं।
अब इस हाई प्रोफाइल प्रोजेक्ट से जुड़ी एक और बड़ी जानकारी सामने आई है। फिल्म बाहुबली में शिवगामी देवी का यादगार किरदार निभाने वाली दिग्गज अभिनेत्री राम्या कृष्णन भी राका का हिस्सा बन गई हैं। हालांकि निर्माता सन पिक्चर्स की ओर से अभी तक इसकी औपचारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर फिल्म से जुड़ी पोस्ट साझा कर खुद इस खबर की पुष्टि कर दी है। राम्या कृष्णन के इस प्रोजेक्ट से जुड़ने पर प्रशंसक सोशल मीडिया पर उन्हें बधाई दे रहे हैं और अपनी उत्सुकता जाहिर कर रहे हैं।
फिल्म के कलाकारों की बात करें तो दीपिका पादुकोण के अलावा जान्हवी कपूर और मृणाल ठाकुर के नाम भी चर्चा में हैं। एटली के निर्देशन में बन रही इस फिल्म का बजट काफी भव्य बताया जा रहा है। अल्लू अर्जुन का फिल्म में बाल्ड लुक और आक्रामक अवतार यह संकेत दे रहा है कि यह फिल्म भी बॉक्स ऑफिस पर कमाई के नए कीर्तिमान स्थापित कर सकती है। गौरतलब है कि अल्लू अर्जुन की पिछली फिल्म पुष्पा 2 ने वैश्विक स्तर पर 1871 करोड़ रुपये का कारोबार किया था, जिसके बाद राका से भी बड़ी उम्मीदें जुड़ी हुई हैं।