रायपुर। संस्कार भारती रायपुर द्वारा आयोजित “युवा रंग साधक नाट्य कार्यशाला” का मंगलवार को कंकाली पारा स्थित आनंद समाज वाचनालय में विधिवत शुभारंभ हुआ। सात दिवसीय यह कार्यशाला 8 अप्रैल से 14 अप्रैल 2026 तक आयोजित की जा रही है, जिसमें युवाओं को रंगमंच की बारीकियों से अवगत कराया जाएगा।
कार्यक्रम में वरिष्ठ कला साधक अनिल कालेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा ने की। इस अवसर पर वरिष्ठ रंगकर्मी रंजक मोड़क, फिल्म निर्देशक संपत चारी और AAFT यूनिवर्सिटी के सिनेमा विभागाध्यक्ष डॉ. अशोक बैरागी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।


कार्यशाला में संस्कार भारती के सदस्यों के साथ करीब 35 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। यह कार्यशाला प्रतिदिन शाम 5 बजे आयोजित की जा रही है, जिसमें अभिनय, निर्देशन, लेखन और मंच सज्जा जैसे विभिन्न रंगमंचीय पहलुओं पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
आयोजकों के अनुसार, कार्यशाला का उद्देश्य आगामी “रंग संस्कार नाट्य महोत्सव” के लिए नाट्य प्रस्तुतियों को तैयार करना और शहर की युवा पीढ़ी को रंगमंच से जोड़ना है।


शुभारंभ सत्र में प्रतिभागियों को रंगमंचीय संप्रेषण, थिएटर अभ्यास, थिएटर से सिनेमा का सफर और आधुनिक दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के प्रभाव जैसे विषयों पर जानकारी दी गई।
संस्कार भारती की यह पहल युवा कलाकारों को अपनी प्रतिभा निखारने और रंगमंच के प्रति रुचि विकसित करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान कर रही है।