रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के कोतरारोड थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच में से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतरारोड थाना क्षेत्र में रहने वाली 37 वर्षीय पीड़िता 4 अप्रैल की रात करीब 11:30 बजे अपने पति के साथ सामान खरीदने बाजार गई थी। इसी दौरान ऑटो से पहुंचे आरोपियों ने महिला को अकेला पाकर जबरन सड़क किनारे स्थित एक दुकान के अंदर ले जाने का प्रयास किया। जब महिला के पति ने इस कृत्य का विरोध किया, तो आरोपी दीपक सिदार और पिंटू निषाद ने उसके साथ मारपीट की। इसके पश्चात आरोपी मुन्ना गिरी, योगेश सिदार और जागेश्वर पटेल ने महिला के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।
पीड़िता द्वारा 5 अप्रैल को थाना कोतरारोड में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने पांच आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुन्ना गिरी, देव कुमार उर्फ दीपक सिदार, जागेश्वर पटेल और पिंटू निषाद को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ऑटो को भी जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है, वहीं फरार आरोपी योगेश सिदार की गिरफ्तारी हेतु पुलिस लगातार दबिश दे रही है।