रायपुर: बुजुर्ग किसान का मोबाइल हैक कर खाते से उड़ाए पौने तीन लाख रुपये, 12 किश्तों में साइबर ठगों ने दिया वारदात को अंजाम

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी में साइबर ठगों ने एक बुजुर्ग किसान को अपनी जालसाजी का शिकार बनाया है। ठगों ने किसान का मोबाइल फोन हैक कर उनके बैंक खाते से किस्तों में कुल 2.78 लाख रुपये पार कर दिए। पीड़ित को इस धोखाधड़ी का पता तब चला जब उनके फोन पर ट्रांजैक्शन का मैसेज आया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है।

टिकरापारा निवासी 74 वर्षीय बुजुर्ग किसान चोला राम मरकाम ने पुलिस को बताया कि उनका बैंक खाता जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की रानीतराई शाखा में है। वारदात की शुरुआत 20 मार्च 2026 की शाम को हुई, जब उनके मोबाइल पर बैंक खाते से 1000 रुपये कटने का मैसेज आया। एक बार मैसेज आने पर उन्हें संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने बैंक जाकर स्थिति स्पष्ट करने का निर्णय लिया।

पासबुक एंट्री कराते ही उड़े होश शिकायत के मुताबिक, जब पीड़ित किसान ने 23 मार्च को बैंक पहुंचकर अपनी पासबुक एंट्री कराई, तो वहां का विवरण देखकर वे दंग रह गए। बैंक स्टेटमेंट से खुलासा हुआ कि साइबर ठगों ने 19 मार्च से 22 मार्च के बीच उनके खाते में सेंधमारी की थी। आरोपियों ने महज चार दिनों के भीतर अलग-अलग 12 किश्तों में कुल 2.78 लाख रुपये निकाल लिए थे।

एयरटेल पेमेंट्स बैंक के खाते में ट्रांसफर हुई रकम मामले की शुरुआती जांच और शिकायत आईडी के विश्लेषण से पता चला है कि ठगी गई रकम में से एक किस्त का पैसा एयरटेल पेमेंट्स बैंक के एक संदिग्ध खाता नंबर पर ट्रांसफर किया गया है। शेष राशि किन-किन खातों में भेजी गई है, इसकी विस्तृत जांच रायपुर पुलिस की साइबर सेल द्वारा की जा रही है। मैदानी सूत्रों का कहना है कि पुलिस संदिग्ध मोबाइल नंबरों और बैंक ट्रांजैक्शन हिस्ट्री के जरिए आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

प्रशासन और साइबर विशेषज्ञों ने बुजुर्गों को सलाह दी है कि वे अपने मोबाइल पर आने वाले किसी भी अनजान लिंक को क्लिक न करें और न ही फोन पर अपनी बैंकिंग जानकारी साझा करें। पुलिस का कहना है कि जल्द ही तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *