असम विधानसभा चुनाव: डिब्रूगढ़ के चाय बागानों में महिलाओं के साथ प्रधानमंत्री मोदी ने तोड़ी पत्तियां, साझा किया अपना अनुभव

डिब्रूगढ़: असम विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार सुबह असम के डिब्रूगढ़ पहुंचे। इस दौरान प्रधानमंत्री का चाय के प्रति विशेष प्रेम एक बार फिर देखने को मिला। सुबह-सुबह चाय के बागानों में पहुंचकर प्रधानमंत्री ने वहां काम करने वाली महिलाओं के साथ न केवल समय बिताया, बल्कि उनके साथ मिलकर चाय की पत्तियां भी तोड़ीं।

प्रधानमंत्री ने इस यादगार अनुभव की तस्वीरें अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर साझा कीं। डिब्रूगढ़ के चाय बागानों की झलक दिखाते हुए उन्होंने लिखा कि चाय असम की आत्मा है और यहां की चाय ने पूरी दुनिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने बताया कि बागान में काम करने वाली महिलाओं से बातचीत करना उनके लिए अत्यंत सुखद और गौरवपूर्ण क्षण था।

अपने पोस्ट में प्रधानमंत्री ने आगे जानकारी दी कि पत्तियां तोड़ने के दौरान महिलाएं अपनी संस्कृति और परंपराओं के बारे में चर्चा करती रहीं, जिसके बाद उन्होंने महिलाओं के साथ सेल्फी भी ली। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश को चाय बागान परिवारों के प्रयासों पर गर्व है, क्योंकि उनकी कड़ी मेहनत और लगन ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर असम की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है।

उल्लेखनीय है कि असम में आगामी 9 अप्रैल को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होना है, जबकि चुनावी नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे। राज्य में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में भाजपा के सामने सत्ता बरकरार रखने की चुनौती है, वहीं कांग्रेस उन्हें कड़ा मुकाबला दे रही है। प्रधानमंत्री का यह दौरा चुनावी सरगर्मी के बीच काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *