दिल्ली सरकार का बड़ा कदम: चार लाख नए पीएनजी कनेक्शन मिशन मोड में दिए जाएंगे

नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण उत्पन्न एलपीजी संकट को देखते हुए दिल्ली सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि राजधानी में चार लाख नए पाइपलाइन नैचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन मिशन मोड में प्रदान किए जाएं।

मंत्री कार्यालय द्वारा जारी बयान के अनुसार, दिल्ली में कुल लगभग 18 लाख पीएनजी कनेक्शन देने की क्षमता है। इनमें से 14 लाख कनेक्शन पहले ही आवंटित किए जा चुके हैं, जबकि शेष चार लाख कनेक्शन अब तेजी से उपलब्ध कराने की योजना है। इस संबंध में हुई बैठक में इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल), शहरी विकास विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों के अधिकारी शामिल हुए।

मंत्री श्री सूद ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शेष कनेक्शनों को जल्द से जल्द आवंटित किया जाए और इस कार्य को मिशन मोड में पूरा किया जाए। उन्होंने बताया कि पाइप वाली गैस को अपनाने के लिए अब घर-घर जाकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोगों को पीएनजी कनेक्शन लेने के लिए प्रेरित किया जा सके और एलपीजी सिलेंडर पर निर्भरता कम हो सके।

मंत्री ने यह भी कहा कि जिन इलाकों में अभी तक पीएनजी सेवाएं नहीं पहुंची हैं, वहां विशेष रूप से जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। अनधिकृत कॉलोनियों और ग्रामीण क्षेत्रों को इस अभियान में प्राथमिकता दी जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे जमीनी स्तर पर जाकर लोगों से संपर्क करें और कनेक्शन लेने की प्रक्रिया को सरल बनाएं, ताकि अधिक से अधिक परिवार इस सुविधा का लाभ उठा सकें।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *