नई दिल्ली: कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की सेहत को लेकर दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल ने नया अपडेट जारी किया है। अस्पताल के चेयरमैन डॉ. अजय स्वरूप के अनुसार, सोनिया गांधी के स्वास्थ्य में बहुत अच्छा सुधार देखा जा रहा है और उनकी स्थिति अब पूरी तरह सामान्य है। डॉक्टरों ने बताया कि वह अस्पताल में टहल-फिर रही हैं और उन्होंने नियमित रूप से आहार लेना भी शुरू कर दिया है।
सिस्टमिक इंफेक्शन के कारण हुई थी भर्ती उल्लेखनीय है कि सिस्टमिक इंफेक्शन की शिकायत के बाद सोनिया गांधी को 24 मार्च की रात करीब 10:22 बजे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वर्तमान में डॉ. डी.एस. राणा, डॉ. एस. नंदी और डॉ. अरूप बसु की टीम उनकी देखरेख कर रही है। डॉक्टरों के मुताबिक उन्हें अभी आईवी एंटीबायोटिक्स दी जा रही हैं, जो अगले कुछ दिनों तक जारी रहेंगी। उनके स्वास्थ्य के सभी मानक (पैरामीटर्स) सामान्य सीमा के भीतर हैं। उन्हें अस्पताल से छुट्टी देने का निर्णय इलाज कर रहे डॉक्टरों के साथ चर्चा के बाद संयुक्त रूप से लिया जाएगा।
प्रदूषण और अस्थमा ने बढ़ाई मुश्किल डॉक्टरों के अनुसार, दिल्ली में बदलते मौसम और बढ़ते प्रदूषण के स्तर का असर उनकी सेहत पर पड़ा है। उन्हें सीने में जकड़न और सांस लेने में हल्की तकलीफ महसूस हो रही थी, जिसके बाद उन्हें निगरानी में रखने का फैसला लिया गया था। बता दें कि सोनिया गांधी पिछले कई वर्षों से ब्रोंकियल अस्थमा की समस्या से जूझ रही हैं। इससे पहले जनवरी माह में भी प्रदूषण के कारण अस्थमा की समस्या बढ़ने पर उन्हें इसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से 11 जनवरी को उन्हें छुट्टी मिली थी। अस्पताल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वह अब पूरी तरह स्वस्थ महसूस कर रही हैं और रिकवरी की गति संतोषजनक है।