नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। होर्मुज जलडमरूमध्य में कई दिनों तक फंसा रहने के बाद भारतीय ध्वज वाला जहाज जग वसंत आखिरकार सुरक्षित स्वदेश लौट आया है। शुक्रवार सुबह यह जहाज गुजरात के एक बंदरगाह पर पहुंचा, जिससे नाविकों के परिजनों और देश की ऊर्जा आपूर्ति को लेकर बनी चिंताएं कम हुई हैं।
जानकारी के अनुसार, जग वसंत एलपीजी गैस लेकर भारत आ रहा था और इस पर 33 भारतीय नाविक सवार थे। राहत की बात यह है कि जहाज पर मौजूद सभी कर्मचारी पूरी तरह सुरक्षित हैं। इससे पहले पाइन गैस नामक एक अन्य भारतीय जहाज भी इसी समुद्री मार्ग से सफलतापूर्वक निकल चुका है। शिप ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, कुछ दिन पहले इन दोनों जहाजों को ईरान के लारक और केश्म द्वीपों के बीच देखा गया था, जहां युद्ध के चलते हालात काफी तनावपूर्ण बने हुए थे।
ईरान और अन्य देशों के बीच जारी संघर्ष के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य का अहम समुद्री रास्ता आंशिक रूप से बाधित हो गया था। इस कारण भारत के लगभग 22 जहाजों सहित कई देशों के मालवाहक जहाज बीच रास्ते में फंस गए थे। जग वसंत और पाइन गैस जैसे जहाजों पर कुल मिलाकर करीब 92,612 मीट्रिक टन एलपीजी गैस लदी हुई है। ऊर्जा सुरक्षा के लिहाज से इन जहाजों का सुरक्षित पहुंचना भारत के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
फिलहाल, समुद्र में फंसे अन्य भारतीय जहाजों को सुरक्षित निकालने के प्रयास निरंतर जारी हैं। भारत सरकार और संबंधित सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं ताकि देश की सप्लाई चेन प्रभावित न हो।