नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में अस्थिरता के बीच केंद्र सरकार ने आम जनता को बड़ी राहत दी है। सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर लगने वाली स्पेशल एडिशनल एक्साइज ड्यूटी में बड़ी कटौती करने का फैसला लिया है। इस कदम से आने वाले दिनों में ईंधन की कीमतों में कमी आने की संभावना जताई जा रही है।
सरकार ने पेट्रोल पर लगने वाली एक्साइज ड्यूटी को 13 रुपये प्रति लीटर से घटाकर अब मात्र 3 रुपये प्रति लीटर कर दिया है। इसी तरह डीजल पर लगने वाली 10 रुपये प्रति लीटर की एक्साइज ड्यूटी को पूरी तरह खत्म करते हुए शून्य कर दिया गया है। सरकार का यह फैसला निजी रिफाइनरी नायरा एनर्जी द्वारा कीमतों में की गई बढ़ोतरी के बाद आया है। बता दें कि हाल ही में नायरा एनर्जी ने पेट्रोल पर 5 रुपये और डीजल पर 3 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की थी।
ईरान और इजराइल-अमेरिका के बीच जारी युद्ध के कारण वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित हुई है। हालांकि, सरकार ने आश्वस्त किया है कि देश के पास अगले 60 दिनों के लिए पर्याप्त कच्चे तेल का भंडार मौजूद है और वैकल्पिक स्रोतों से आपूर्ति सुनिश्चित कर ली गई है।
वैश्विक बाजार की स्थिति पर नजर डालें तो शुक्रवार को कच्चे तेल की कीमतों में मामूली गिरावट दर्ज की गई। ब्रेंट क्रूड 0.8 प्रतिशत गिरकर 107.11 डॉलर प्रति बैरल और अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट 0.88 प्रतिशत गिरकर 93.65 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है। कीमतों में यह नरमी अमेरिका द्वारा ईरान के एनर्जी प्लांट्स पर हमले 10 दिनों के लिए रोकने के ऐलान के बाद देखी गई है।