छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम का मिजाज, ट्रफ के असर से गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का रुख एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी की संभावना जताई है। इसके साथ ही प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

वर्तमान में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में दिन और रात के तापमान में काफी अंतर देखा जा रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान राजनांदगांव में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 39.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि अभी तापमान सामान्य बना हुआ है, लेकिन स्थानीय स्तर पर मौसमी गतिविधियां शुरू हो गई हैं।

द्रोणिका के प्रभाव से बदलेगा मौसम

मौसम विज्ञानियों के अनुसार, गंगीय पश्चिम बंगाल से ओडिशा होते हुए दक्षिणी छत्तीसगढ़ तक समुद्र तल से करीब 1.5 किलोमीटर ऊपर एक द्रोणिका (ट्रफ) सक्रिय है। इस मौसमी तंत्र के प्रभाव से आने वाले 24 घंटों में प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। विभाग का मानना है कि दो दिनों के बाद इन गतिविधियों में और तेजी आ सकती है।

राजधानी में मौसम का हाल

रायपुर में आज यानी 26 मार्च को आसमान मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है, हालांकि दोपहर या शाम के वक्त आंशिक रूप से बादल छा सकते हैं। शहर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम और वज्रपात की स्थिति में सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *