उज्जैन। महाकालेश्वर मंदिर के समीप स्थित बेगमबाग क्षेत्र में मंगलवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 अवैध बिल्डिंगों को जमींदोज कर दिया। उज्जैन विकास प्राधिकरण (यूडीए) द्वारा की गई यह कार्रवाई उन भूखंडों पर केंद्रित थी, जो प्राधिकरण की आवासीय योजनाओं के लिए आरक्षित थे, लेकिन उन पर अवैध रूप से व्यावसायिक निर्माण कर लिए गए थे।
न्यायालय से स्टे हटने के बाद हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई कानून सम्मत प्रक्रिया के तहत की गई है। लोअर कोर्ट, हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट से संबंधित मामलों में स्टे ऑर्डर की अवधि समाप्त होने के तुरंत बाद प्रशासन ने यह कदम उठाया। यूडीए के अनुसार, कुल 45 आवासीय भूखंडों को नियम विरुद्ध तरीके से 90 हिस्सों में विभाजित कर वहां व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। इससे पहले भी इसी क्षेत्र में 42 अवैध बिल्डिंगों को तोड़ा जा चुका है।
भारी पुलिस बल और मशीनों का प्रयोग
महाकाल मंदिर के नीलकंठ द्वार के पास से शुरू हुई इस मुहिम में आधा दर्जन से अधिक पोकलेन और बुलडोजर मशीनों का उपयोग किया गया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यूडीए सीईओ, 50 से अधिक पुलिस अधिकारी व जवान, नगर निगम के कर्मचारी और प्रशासनिक अमला मौके पर तैनात रहा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय और आरक्षित भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।