रायगढ़ नगर निगम में बड़ी कार्रवाई: बिना सूचना गायब रहने वाले दो ड्राइवर सेवा से मुक्त, कमिश्नर ने दिए निर्देश

रायगढ़। नगर निगम रायगढ़ में कार्य के प्रति लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर गाज गिरी है। निगम आयुक्त ब्रजेश सिंह क्षत्रिय ने वाहन विभाग का औचक निरीक्षण करने के बाद अनुशासनहीनता के आरोप में दो ड्राइवरों को तत्काल प्रभाव से सेवा से मुक्त करने के निर्देश दिए हैं।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने वाहन विभाग की उपस्थिति पंजी और वाहनों के संचालन की व्यवस्था जांची। इस दौरान दो ड्राइवर बिना किसी पूर्व सूचना के ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को दोनों कर्मचारियों को सेवा से हटाने की प्रक्रिया शुरू करने के लिए कहा है। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर की सफाई, कचरा उठाव और अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए ड्राइवरों की ड्यूटी रोस्टर के अनुसार तय की जाती है और इसमें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अन्य कर्मचारियों को भी कड़ी चेतावनी दी है कि बिना ठोस कारण के गायब रहने पर उनके खिलाफ भी बर्खास्तगी की कार्रवाई की जाएगी।

वाहन विभाग के निरीक्षण के बाद कमिश्नर ने जनगणना कार्य की प्रगति का भी जायजा लिया। वर्तमान में नगर निगम के 48 वार्डों और बाह्यवृद्धि के 3 वार्डों सहित कुल 51 वार्डों में जनगणना के लिए ब्लॉक निर्धारण का कार्य चल रहा है। लगभग 2.50 लाख की आबादी वाले इन क्षेत्रों में प्रति 700 से 800 की जनसंख्या पर एक ब्लॉक बनाया जाना है।

कमिश्नर ने गूगल मैप के माध्यम से वार्डवार ब्लॉकों की स्थिति देखी और सभी वार्ड प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे अपने आवंटित क्षेत्रों की भौगोलिक स्थिति को समझते हुए पूरी गंभीरता से ब्लॉक निर्धारण का कार्य संपन्न करें। इस दौरान उन्होंने सहायक राजस्व निरीक्षकों को कार्य में पारदर्शिता और सटीकता बनाए रखने की हिदायत दी।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *