बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत सफर करने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। रेलवे प्रशासन द्वारा लेवल क्रॉसिंग क्रमांक 389 पर गर्डर हटाने के कार्य के लिए ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक लिया जा रहा है। इस निर्माण कार्य के चलते 22 और 23 मार्च को रेल यातायात प्रभावित रहेगा और कई प्रमुख ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है।
रेलवे से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार 22 मार्च को रायपुर-बिलासपुर, बिलासपुर-रायपुर, बिलासपुर-गेवरा रोड और गेवरा रोड-बिलासपुर मेमू पैसेंजर ट्रेनें पूरी तरह रद्द रहेंगी। इसके साथ ही कोरबा-रायपुर और रायपुर-इतवारी पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन भी निरस्त किया गया है। अगले दिन सोमवार को इतवारी-रायपुर तथा रायपुर-बिलासपुर मेमू पैसेंजर ट्रेनें नहीं चलेंगी।
ब्लॉक के कारण कुछ ट्रेनों के मार्ग में भी कटौती की गई है। 22 मार्च को झारसुगुड़ा-गोंदिया मेमू पैसेंजर ट्रेन केवल बिलासपुर स्टेशन तक ही आएगी। वापसी में गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू पैसेंजर ट्रेन गोंदिया के बजाय बिलासपुर से ही अपनी यात्रा प्रारंभ करेगी। इस अवधि के दौरान बिलासपुर और गोंदिया के बीच इन ट्रेनों का संचालन बंद रहेगा। रेलवे ने यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए यात्रा से पूर्व समय सारिणी की जांच करने की सलाह दी है।