रायपुर। राजधानी रायपुर के आमानाका ओवरब्रिज पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया। पुल के ऊपर चलती हुई एक कार में अचानक भीषण आग लग गई। कार से धुआं निकलता देख चालक ने सूझबूझ का परिचय दिया और तुरंत वाहन रोककर बाहर निकल गया, जिससे उसकी जान बच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही देर में वाहन जलकर पूरी तरह खाक हो गया। यह घटना सरस्वती नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची।
दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। इस घटना के दौरान ओवरब्रिज पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा। फिलहाल कार में आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन शुरुआती अंदेशा शॉर्ट सर्किट का जताया जा रहा है। सरस्वती नगर थाना पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।