मुंगेली। छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों का सिलसिला जारी है। ताजा मामला मुंगेली जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र के केशरूवा डीह गांव का है, जहां खराब सड़क के चलते एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में बस में सवार आधा दर्जन यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। घायलों में से दो लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह दुर्घटना चालक की लापरवाही के बजाय जर्जर सड़क के कारण हुई है। गौरतलब है कि प्रदेश में सड़क हादसों और वाहनों की फिटनेस का मुद्दा लगातार चर्चा में है। एक दिन पूर्व ही विधानसभा में बिना फिटनेस टेस्ट के यात्री वाहनों को परमिट दिए जाने का मामला जोर-शोर से उठा था। उस दौरान मंत्री केदार कश्यप द्वारा संतोषजनक जवाब न दे पाने पर विपक्ष ने सदन में भारी हंगामा किया था और वॉकआउट कर दिया था।