नई दिल्ली। भारत ने आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए देश का पहला मल्टीलेन फ्री फ्लो बैरियर-लेस टोलिंग सिस्टम लॉन्च कर दिया है। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने गुजरात में नेशनल हाईवे-48 के सूरत-भरूच सेक्शन पर स्थित चोरयासी टोल प्लाजा पर इस नई व्यवस्था की शुरुआत की। इस सिस्टम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि अब वाहनों को टोल टैक्स देने के लिए प्लाजा पर रुकने या कतार में लगने की जरूरत नहीं होगी।
यह एडवांस सिस्टम ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन और फास्टैग जैसी तकनीकों पर आधारित है। इसमें लगे हाई-टेक सेंसर और कैमरे चलते वाहनों के फास्टैग को स्कैन कर लेते हैं और रियलटाइम में टोल राशि सीधे खाते से काट ली जाती है। जिन वाहनों पर फास्टैग नहीं होगा, उनके नंबर प्लेट को हाई-रिजोल्यूशन कैमरों से स्कैन कर डिजिटल इनवॉइस जारी किया जाएगा।
नितिन गडकरी के अनुसार यह कदम भारतीय राजमार्गों को वैश्विक स्तर पर ले जाने की दिशा में महत्वपूर्ण है। इस सिस्टम के लागू होने से सफर के समय में कमी आएगी और ईंधन की बचत होगी। इसके अलावा टोल प्लाजा पर लगने वाले लंबे जाम और प्रदूषण से भी राहत मिलेगी। पूरी प्रक्रिया डिजिटल होने के कारण टोल संचालन में मानवीय हस्तक्षेप अब खत्म हो जाएगा।