भिलाई में ‘ऑपरेशन विश्वास’ की बड़ी कार्रवाई: हेरोइन गिरोह का पर्दाफाश, 5 गिरफ्तार

रमेश गुप्ता भिलाई। नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन विश्वास’ के तहत शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए हेरोइन (चिट्टा) के संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया। थाना भिलाई भट्ठी पुलिस ने सेक्टर-3 स्थित शिव मंदिर के पास घेराबंदी कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 21.18 ग्राम हेरोइन, 65 हजार रुपये नकद और 6 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। बरामद सामग्री की कुल कीमत 3.84 लाख रुपये आंकी गई है।
एडिशनल एसपी सुखनंदन राठौर ने पत्रकार वार्ता में बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग भिलाई के सेक्टर-3 क्षेत्र में चिट्टा का सेवन और बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और सभी आरोपियों को पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी नशीले पदार्थों का संग्रहण कर उसे खपाने के लिए संगठित रूप से काम कर रहे थे। मामले में थाना भिलाई भट्ठी में अपराध क्रमांक 57/2026 के तहत धारा 8, 21 एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज कर लिया गया है। साथ ही संगठित अपराध से जुड़ी धाराएं भी जोड़ी जा रही हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
हरजिंदर सिंह (23), निवासी न्यू खुर्सीपार;
मोन्टी अरोरा (32), निवासी हाउसिंग बोर्ड जामुल;
सूरज कुमार लोहार (31), निवासी राजनांदगांव;
नवजोत सिंह (26), निवासी सेक्टर-4 भिलाई;
ईशा कौर (23), निवासी केम्प-1 भिलाई।
पुलिस की सख्ती जारी
दुर्ग पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे अवैध धंधों में संलिप्त लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *