फॉरेक्स ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर 13.60 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

रमेश गुप्ता, दुर्ग । फर्जी निवेश योजना के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया है तथा मामले में अन्य फरार आरोपियों और बैंक खातों की जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार गंजपारा निवासी दीपक जैन (27 वर्ष) ने थाना सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2024 में कुछ लोगों ने फॉरेक्स ट्रेडिंग और निवेश कंपनी में पैसा लगाने पर हर महीने अच्छा लाभ मिलने तथा मूलधन सुरक्षित रहने का भरोसा दिलाया। आरोपियों ने प्रार्थी को विभिन्न बैंक खातों में आरटीजीएस और ऑनलाइन माध्यम से रकम जमा कराने के लिए प्रेरित किया।

प्रार्थी ने अलग-अलग तिथियों में कुल 13 लाख 60 हजार रुपये निवेश किए, लेकिन कुछ समय बाद कंपनी बंद हो गई। इसके बाद न तो लाभांश मिला और न ही निवेश की गई राशि वापस की गई। शिकायत के आधार पर थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में धारा 420 एवं 34 भादवि में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी राजेन्द्र कुमार ताम्रकार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर फर्जी निवेश योजना संचालित करने और लोगों से रकम जमा कराने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन, बैंक पासबुक, बैंक दस्तावेज और लेन-देन से संबंधित कागजात जब्त किए हैं।

पुलिस का कहना है कि आरोपी अधिक लाभांश और कम समय में ज्यादा मुनाफा देने का झांसा देकर लोगों को निवेश के लिए फंसाता था। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है तथा संबंधित बैंक खातों की वैधानिक जांच की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजेन्द्र Kumar ताम्रकार (50 वर्ष) निवासी तामेश्वरा वार्ड क्रमांक 30 दुर्ग, हाल मुकाम जवाहर नगर वार्ड क्रमांक 18 दुर्ग के रूप में हुई है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *