नई दिल्ली। भारत और अफगानिस्तान के बीच कल यानी 6 जून से इकलौता टेस्ट मैच शुरू होने जा रहा है। मुल्लांपुर (Mullanpur) में होने वाले इस मुकाबले से ठीक पहले टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) मीडिया के सामने आए। प्रेस कॉन्फ्रेंस में गंभीर ने उन सभी सवालों के बेबाक जवाब दिए, जो पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया और क्रिकेट गलियारों में तैर रहे थे। सबसे बड़ा सवाल था- ऋषभ पंत (Rishabh Pant) को टेस्ट टीम की उपकप्तानी (Test Vice-Captaincy) से क्यों हटाया गया और उनकी जगह केएल राहुल (KL Rahul) को यह जिम्मेदारी क्यों मिली?
गंभीर बोले- पंत अपनी बैटिंग न बदलें, लेकिन… पंत को उपकप्तानी से हटाए जाने पर हेड कोच गौतम गंभीर ने साफ बात कही। उन्होंने कहा, “हम नहीं चाहते कि ऋषभ पंत अपना नेचुरल गेम बदलें। वह जैसे खेलते हैं, वैसे ही खेलें। लेकिन इंटरनेशनल क्रिकेट (International Cricket) में खिलाड़ियों से यह उम्मीद की जाती है कि वे मैच की परिस्थितियों का सम्मान करें।”
दरअसल, हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भारत को 0-2 से करारी हार का सामना करना पड़ा था। गुवाहाटी टेस्ट में पंत जिस तरह खराब शॉट खेलकर आउट हुए थे, उसकी काफी आलोचना हुई थी। गंभीर ने साफ किया कि पंत को उनका पूरा सपोर्ट है, बस उन्हें गेम की सिचुएशन (Match Situation) को बेहतर ढंग से समझना होगा।
50वें टेस्ट में इतिहास रचने के करीब पंत अगर कल मुल्लांपुर टेस्ट में ऋषभ पंत को प्लेइंग इलेवन (Playing 11) में मौका मिलता है, तो यह उनके करियर का 50वां टेस्ट मैच होगा। मैदान पर उतरते ही वह पूर्व दिग्गज किरण मोरे का रिकॉर्ड तोड़ देंगे। अगस्त 2018 में डेब्यू करने वाले पंत ने अब तक 49 टेस्ट मैचों में 42.91 की औसत से 3476 रन बनाए हैं, जिसमें 8 शतक और 18 अर्धशतक शामिल हैं।
सबसे ज्यादा टेस्ट खेलने वाले भारतीय विकेटकीपर (Most Tests by Indian Wicketkeeper):
- एमएस धोनी: 90 मैच
- सैयद किरमानी: 88 मैच
- ऋषभ पंत: 49 मैच
- किरण मोरे: 49 मैच
- फारुख इंजीनियर: 46 मैच