पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने किया ‘श्री अग्रोहा पैलेस’ का भूमिपूजन, मध्य भारत में बनेगी नई पहचान

अम्बिकापुर। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने अम्बिकापुर में प्रस्तावित ‘श्री अग्रोहा पैलेस’ का विधिवत भूमिपूजन कर आधारशिला रखी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन के वंशज होने का गौरव केवल हमारी पहचान नहीं, बल्कि एक पुनीत उत्तरदायित्व भी है। सेवा, त्याग और लोकमंगल की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए यह परियोजना समाज के सामूहिक संकल्प और सहभागिता का प्रतीक बनेगी।

सेवा और सामाजिक चेतना का बनेगा नया केंद्र

मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि किसी भी भवन की सार्थकता केवल उसके भौतिक स्वरूप में नहीं, बल्कि उसमें निहित सेवा भावना और समाज के प्रति समर्पण में होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि समस्त समाज के सहयोग से निर्मित ‘श्री अग्रोहा पैलेस’ आने वाले समय में जनसेवा, सामाजिक जागरूकता और सामुदायिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा। यह भव्य परिसर 150 अत्याधुनिक कमरों, विशाल हॉल तथा सर्वसुविधायुक्त लॉन से सुसज्जित होगा, जो छत्तीसगढ़ के साथ ही पूरे मध्य भारत में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करेगा।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने किया सेवा का आह्वान

इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि अग्र समाज का इतिहास सेवा और लोककल्याण की गौरवशाली परंपरा से परिपूर्ण रहा है। हमारे पूर्वजों ने धर्मशालाएं और अन्न क्षेत्र बनाकर मानवता की सेवा का आदर्श प्रस्तुत किया है। उन्होंने समाज के लोगों से आह्वान किया कि वे इस प्रकल्प से समाज के अंतिम व्यक्ति को भी जोड़ें। साथ ही उन्होंने गरीब बच्चों की शिक्षा, जरूरतमंद मरीजों के उपचार और बेटियों के विवाह में सहयोग देने की अपील की, ताकि यह पैलेस वास्तव में समाज सेवा का केंद्र बन सके।

ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में अग्रवाल सभा अम्बिकापुर के अध्यक्ष संजय मित्तल, अजय अग्रवाल, बाबूलाल गोयल, योगेश अग्रवाल, विनोद, कृष्ण कुमार, मनोज जैन सहित समाज के अनेक गणमान्य एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *