जम्मू-कश्मीर के शोपियां में एनकाउंटर, सुरक्षाबलों ने घेरे लश्कर के टॉप कमांडर

जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। सैदपोरा इलाके में शनिवार शाम से जारी मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के 2 आतंकियों के मारे जाने की खबरें सामने आ रही हैं। माना जा रहा है कि मारे गए दोनों आतंकी संगठन के टॉप ऑपरेटिव थे। हालांकि सुरक्षाबलों की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। इन आतंकियों में जाकिर अहमद गनी और लतीफ भट के नाम प्रमुखता से लिए जा रहे हैं।

ऐसे शुरू हुआ ऑपरेशन

सुरक्षा एजेंसियों को शुक्रवार को सूचना मिली थी कि शोपियां के एक बाग में कुछ आतंकी छिपे हुए हैं। सेना की खास एंटी टेरेरिज्म यूनिट विक्टर फोर्स, जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल ने तुरंत संयुक्त अभियान चलाया। इलाके की घेराबंदी करते हुए 4 गांव खाली कराए गए। शुक्रवार शाम जब जवान आतंकियों के ठिकाने के करीब पहुंचे, तो उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई के बाद मुठभेड़ तेज हो गई, जिसे अंधेरे के कारण कुछ देर के लिए रोकना पड़ा था।

कौन था जाकिर अहमद गनी?

मारे गए आतंकियों में शामिल जाकिर अहमद गनी सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था। वह कुलगाम के मुतलहम गांव का रहने वाला था। उसका नाम पहलगाम आतंकी हमले सहित पाकिस्तान समर्थित कई आतंकी वारदातों से जुड़ा था। अक्टूबर 2025 में एनआईए कोर्ट ने उसके खिलाफ नोटिस जारी किया था। सुरक्षा रिकॉर्ड के अनुसार, जाकिर 2024 से लश्कर से जुड़ा था और सुरक्षाबलों की मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल था।

14 की लिस्ट, अब 5 की तलाश

सुरक्षा एजेंसियों ने हाल ही में कश्मीर के 14 लोकल आतंकियों की एक सूची जारी की थी। जाकिर गनी के मारे जाने की पुष्टि होने पर यह संख्या बढ़कर 9 हो जाएगी। यानी अब घाटी में सक्रिय उन 14 आतंकियों में से केवल 5 की तलाश बाकी रह जाएगी। पिछले कुछ महीनों में सुरक्षाबलों ने शोपियां और पुलवामा में चलाए गए अभियानों में इन आतंकियों को निशाना बनाकर नेटवर्क को काफी कमजोर किया है। अभी इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है और आतंकियों के शवों को बरामद करने की प्रक्रिया चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *