सरगुजा: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से उठाईगिरी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सीतापुर में दिनदहाड़े एक अज्ञात बदमाश ने ज्वेलरी शॉप के संचालक का करीब 1 करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात से भरा बैग पार कर दिया। यह पूरी वारदात दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
सीतापुर-अंबिकापुर मुख्य मार्ग (NH-43) पर हाई स्कूल के पास ‘काशी विश्वनाथ ज्वैलर्स’ की दुकान स्थित है। दुकान के संचालक अरुण देव रविवार सुबह करीब 11:25 बजे रोज की तरह अपनी दुकान खोलने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने अपनी स्कूटी के पास सोने-चांदी के जेवरात से भरा बैग रखा था। तभी मौका पाकर अज्ञात आरोपी बैग उठाकर वहां से रफूचक्कर हो गया।
दिनदहाड़े करीब 1 करोड़ रुपये के जेवरात चोरी होने की इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध आरोपी बैग ले जाता हुआ साफ दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही सीतापुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही है।