दिन की शुरुआत अगर सेहतमंद नाश्ते से हो, तो पूरा दिन ऊर्जा और ताजगी से भरा रहता है। ब्रेकफास्ट में पोषण से भरपूर आहार लेने से शरीर को दिनभर एक्टिव रहने की ताकत मिलती है। ऐसे में मूंग स्प्राउट्स (अंकुरित मूंग) एक बेहतरीन और सेहतमंद विकल्प साबित हो सकता है। प्रोटीन, फाइबर, आयरन, फोलेट और विटामिन सी से भरपूर मूंग स्प्राउट्स न केवल पाचन तंत्र को मजबूत बनाते हैं, बल्कि पेट को लंबे समय तक भरा रखकर वजन नियंत्रित करने में भी मदद करते हैं।
यदि आप रोज एक ही तरह का नाश्ता करके बोर हो चुके हैं, तो मूंग स्प्राउट्स से बनने वाली इन स्वादिष्ट और पौष्टिक रेसिपीज को अपनी डाइट का हिस्सा बना सकते हैं:
- मूंग स्प्राउट्स सलाद
उबले या हल्के स्टीम किए गए स्प्राउट्स में बारीक कटा खीरा, टमाटर, गाजर और प्याज मिलाएं। ऊपर से थोड़ा काला नमक, हरी धनिया और नींबू का रस डालकर मिक्स करें। यह हल्का और फाइबर से भरपूर सलाद पाचन क्रिया को दुरुस्त रखता है। - स्प्राउट्स चीला
अंकुरित मूंग को थोड़ा अदरक और हरी मिर्च के साथ मिलाकर पीस लें। इस बैटर में अपनी पसंद की बारीक कटी सब्जियां मिलाएं और तवे पर कम तेल में चीला तैयार करें। यह स्वादिष्ट चीला शरीर को भरपूर प्रोटीन प्रदान करता है। - मूंग स्प्राउट्स उपमा
कड़ाही में थोड़ा तेल गरम करके राई, करी पत्ता, प्याज और पसंदीदा सब्जियां भूनें। इसके बाद इसमें मूंग स्प्राउट्स डालकर हल्का पकाएं। अंत में स्वादानुसार नमक और नींबू का रस मिलाकर गरमा-गरम परोसें। - स्प्राउट्स सैंडविच
ब्राउन ब्रेड के स्लाइसेज के बीच मूंग स्प्राउट्स, खीरा, टमाटर और हरी चटनी की स्टफिंग करें। हल्का ग्रिल या सेक कर तैयार किया गया यह सैंडविच बच्चों और बड़ों दोनों के लिए एक झटपट और पौष्टिक नाश्ता है। - स्प्राउट्स पराठा
उबले मूंग स्प्राउट्स को मैश करके उसमें प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया और पसंदीदा मसाले मिलाएं। इस स्टफिंग को आटे में भरकर कम तेल या घी में पराठा सेंक लें। इसे दही या चटनी के साथ खाने से दिनभर एनर्जी बनी रहती है।
खाते समय इन बातों का रखें विशेष ध्यान
अच्छी तरह धोएं: स्प्राउट्स का इस्तेमाल करने से पहले उन्हें साफ पानी से अच्छे से धोना जरूरी है।
स्टीम करके खाएं: यदि पाचन तंत्र कमजोर है या गैस की समस्या रहती है, तो कच्चे स्प्राउट्स की जगह हल्के स्टीम या उबले हुए स्प्राउट्स का सेवन करें।
ताजा इस्तेमाल करें: लंबे समय तक फ्रिज में रखे स्प्राउट्स खाने से बचें। हमेशा ताजा अंकुरित अनाज का ही प्रयोग करें।