पार्क में युवती पर चाकू से ताबड़तोड़ वार, थाने से 500 मीटर दूर वारदात से मची अफरा-तफरी

सूरजपुर : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर शहर के हृदय स्थल में स्थित नेहरू पार्क में रविवार देर शाम चाकूबाजी की एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। पार्क में टहल रही एक युवती पर अज्ञात सिरफिरे युवक ने जानलेवा हमला कर दिया और घटना के बाद बाइक से मौके से रफूचक्कर हो गया।गंभीर रूप से जख्मी युवती को इलाज के लिए आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

गर्दन पर ताबड़तोड़ वार, मची अफरा-तफरी

मिली जानकारी के मुताबिक, घटना रविवार शाम करीब 8:00 बजे की है। नेहरू पार्क में अचानक पहुंचे हमलावर ने युवती पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। वार इतना घातक था कि सीधे युवती की गर्दन पर गंभीर चोट आई। हमले के तुरंत बाद पार्क में चीख-पुकार और भगदड़ की स्थिति बन गई।

मौके का फायदा उठाकर हमलावर अपनी मोटरसाइकिल से फरार होने में कामयाब रहा। वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए लहूलुहान युवती को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की टीम उसके उपचार में जुटी हुई है।

थाने से महज 500 मीटर दूर वारदात, सुरक्षा पर सवाल

यह पूरी वारदात कोतवाली पुलिस थाने से करीब 500 मीटर की दूरी पर घटी है, जिसने बीच शहर की कानून-व्यवस्था और पुलिस गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

वारदात की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और चश्मदीदों के बयान दर्ज कर रही है। फिलहाल हमले की वजह अज्ञात है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हमले के पीछे के असल कारणों का पता चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *