पंजाब में एक बार फिर सुरक्षा को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया गया है। बुधवार को राज्य में उस समय हड़कंप मच गया जब मुख्यमंत्री आवास और प्रमुख राजनीतिक नेताओं को बम से उड़ाने की धमकी का मामला सामने आया। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और साइबर सेल को भी सक्रिय कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार पंजाब के मुख्यमंत्री Bhagwant Mann के घर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इसके साथ ही Sunil Jakhar को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। यह धमकी ई-मेल के जरिए भेजी गई है। मेल में पंजाब भाजपा मुख्यालय और दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय का भी उल्लेख किया गया है। सुरक्षा एजेंसियों ने इसे गंभीरता से लिया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, ई-मेल की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। यह पता लगाया जा रहा है कि यह मेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे कौन लोग हैं। फिलहाल किसी संगठन ने इसकी जिम्मेदारी नहीं ली है। लेकिन धमकी के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
पंजाब पुलिस ने सभी संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री आवास, भाजपा कार्यालयों और अन्य महत्वपूर्ण सरकारी भवनों पर सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। खुफिया एजेंसियों को भी अलर्ट कर दिया गया है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही पंजाब में दो धमाकों की घटनाएं सामने आई थीं। जालंधर जिले में BSF के पंजाब फ्रंटियर मुख्यालय के बाहर विस्फोट हुआ था। वहीं अमृतसर के खासा स्थित सेना छावनी क्षेत्र के पास भी धमाका हुआ था। दोनों घटनाओं में कुछ घंटों का अंतर था। राहत की बात यह रही कि किसी तरह की जनहानि नहीं हुई थी।
इन घटनाओं के बाद राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। अब नई धमकी ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ा दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही सच सामने लाया जाएगा।