राजनांदगांव पुलिस द्वारा कोचिंग संस्थानों में फायर सेफ्टी एवं सुरक्षा मानकों की सघन जांच

राजनांदगांव शहर के विभिन्न कोचिंग संस्थानों में फायर सेफ्टी एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। यह विशेष अभियान पुलिस अधीक्षक श्रीमती अंकिता शर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के नेतृत्व में चलाया गया, जिससे कोचिंग संचालकों में हड़कंप मच गया।

अभियान के तहत थाना कोतवाली, बसंतपुर एवं चिखली क्षेत्र के लगभग 12 कोचिंग संस्थानों का सघन निरीक्षण किया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने कोचिंग संस्थानों में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों, आपातकालीन निकास (Emergency Exit), आपातकालीन खिड़कियों, विद्युत वायरिंग, विद्युत सुरक्षा उपकरणों, सीढ़ियों एवं निकासी मार्गों सहित अन्य सुरक्षा मानकों का बारीकी से परीक्षण किया।

जांच के दौरान सभी कोचिंग संचालकों को कड़े निर्देश दिए गए कि वे अपने संस्थानों में निर्धारित अग्नि सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें। पुलिस ने साफ किया कि पर्याप्त संख्या में कार्यशील फायर एक्सटिंग्विशर, स्पष्ट निकास मार्ग, सुरक्षित विद्युत व्यवस्था तथा आपातकालीन स्थिति में विद्यार्थियों को सुरक्षित बाहर निकालने की समुचित व्यवस्था हर हाल में होनी चाहिए।

पुलिस अधिकारियों द्वारा संचालकों को यह भी चेतावनी दी गई कि किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा सुरक्षा मानकों में कमी पाए जाने पर संबंधित प्रावधानों के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। इस विशेष अभियान में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक उपेंद्र शाह, थाना प्रभारी बसंतपुर निरीक्षक एमन साहू सहित दोनों थानों व पुलिस लाइन के लगभग 25 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों ने सहभागिता कर सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

एस ठाकुर राजनंदगांव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *