अयोध्या राम मंदिर दान घोटाला: आरोपियों का केस लड़ने वाले वकीलों पर लगेगा 5 लाख का जुर्माना, बार एसोसिएशन का बड़ा फैसला

अयोध्या। उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर दान घोटाला मामले को लेकर स्थानीय वकीलों ने एक बड़ा और सख्त कदम उठाया है। अयोध्या बार एसोसिएशन ने सर्वसम्मति से फैसला किया है कि इस महाघोटाले के आरोपियों की पैरवी अयोध्या का कोई भी वकील नहीं करेगा। यदि कोई वकील इस निर्णय के खिलाफ जाकर आरोपियों का केस लड़ता है, तो उस पर 5,00,000 रुपये का भारी जुर्माना लगाया जाएगा।

चंपत राय समेत 3 ट्रस्टियों पर केस दर्ज करने की मांग

बार एसोसिएशन की विशेष बैठक में वकीलों ने राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, सदस्य अनिल मिश्रा और गोपाल राव के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बार के अध्यक्ष कालिका प्रसाद मिश्रा ने कहा कि इस मामले को लेकर देश भर के श्रद्धालुओं में आक्रोश है और लोग इन्हें ही मुख्य जिम्मेदार मान रहे हैं। एसोसिएशन अब शासन को पत्र लिखकर इन तीनों ट्रस्टियों के खिलाफ धारा 173 के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज करने और कड़ी जांच की मांग करेगी। इसके साथ ही सरकार से अपील की गई है कि इन तीनों पर नजर रखी जाए ताकि ये शहर छोड़कर भाग न सकें।

3 दिन का अल्टीमेटम, वरना अयोध्या होगी जाम

बैठक के दौरान स्थानीय अधिवक्ताओं का गुस्सा सातवें आसमान पर नजर आया। वकीलों ने चंपत राय, अनिल मिश्रा और विनोद राय को तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने इन तीनों को अयोध्या छोड़ने के लिए 3 दिन का अल्टीमेटम दिया है। वकीलों ने चेतावनी दी है कि यदि समय सीमा के भीतर इन्होंने अयोध्या नहीं छोड़ी, तो पूरे शहर की सड़कों को जाम कर उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।

‘चोरी से पूरी अयोध्या बदनाम हुई, चले बुलडोजर’

बार एसोसिएशन के सचिव शैलेंद्र जायसवाल ने कहा कि मंदिर के चढ़ावे और दान में हुई इस हेराफेरी ने करोड़ों सनातनियों की आस्था को गहरी ठेस पहुंचाई है, जिससे पूरी अयोध्या नगरी बदनाम हुई है। वहीं वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने आरोपियों को गुपचुप तरीके से रिमांड मजिस्ट्रेट के सामने पेश किए जाने की प्रक्रिया पर कड़ी आपत्ति जताई। वकीलों की पुरजोर मांग है कि इस कांड के मास्टरमाइंड और दोषियों के खिलाफ भी आम अपराधियों की तरह उत्तर प्रदेश सरकार का ‘बुलडोजर एक्शन’ होना चाहिए।

SIT की कार्रवाई: 8 आरोपी गिरफ्तार, 80 लाख बरामद

इस पूरे दान घोटाले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) की रिपोर्ट के बाद पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए अब तक 8 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने करीब 80 लाख रुपये की नकदी भी बरामद की है। फिलहाल इस मामले में आगे की कानूनी और खोजी कार्रवाई तेजी से जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *