भानुप्रतापपुर। जनपद पंचायत अंतागढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत कानागांव के आश्रित ग्राम हल्बा सिकसोड़ रविवार को आयोजित ग्राम सभा में विकास के मुद्दों पर जोरदार चर्चा हुई। बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी ने यह संकेत दिया कि क्षेत्र अब बुनियादी सुविधाओं को लेकर जागरूक और मुखर हो रहा है।
ग्राम सभा में मुख्य अतिथि के रूप में सरपंच श्रीमती खिलेश्वरी उइके उपस्थित रहीं। उनके साथ कमल कांत टेकाम, रैसिंह नरेटी, जवाहर लाल मंडावी (वार्ड 10), रामेश्वर डेहरी (वार्ड 9), चैती बाई बघेल (वार्ड 8), ग्राम पटेल दुलम सिंह बघेल, जनपद सदस्य धरम सिंह बघेल, राजेंद्र मांझी, राजेंद्र बघेल, रविंद्र मरकाम, पिलम सिंह, चंद्रवती नाग एवं लच्छू तीन मंडावी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।

ग्राम सभा में सबसे अहम मुद्दा हल्बा सिकसोड़ से सोनेकन्हार तक सड़क निर्माण का रहा। ग्रामीणों ने एक स्वर में मांग रखी कि इस मार्ग को प्रधानमंत्री सड़क योजना के अंतर्गत शीघ्र जोड़ा जाए, ताकि वर्षों से चली आ रही आवागमन की समस्या से राहत मिल सके।
इस दौरान भारतीय शक्ति चेतना पार्टी के ब्लॉक अध्यक्ष नरहरदेव गांवड़े भी सभा में शामिल हुए और उन्होंने ग्रामीणों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सड़क जैसी मूलभूत सुविधा बेहद जरूरी है।
ग्राम सभा में विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई और सड़क निर्माण सहित अन्य प्रस्तावों को आगे बढ़ाने पर सहमति बनी। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक कदम उठाएगा।
ग्राम सभा ने साफ कर दिया—अब गांव विकास के लिए तैयार है, जरूरत है तो बस प्रशासनिक पहल की।