सोनहत वन परिक्षेत्र कार्यालय की नाक के नीचे चल रही कुल्हाड़ी, वन विभाग भर रहा खर्राटे

कोरिया वन मंडल अंतर्गत सोनहत वन परिक्षेत्र में इन दिनों सरई वृक्षों की अवैध कटाई लगातार जारी है। हैरानी की बात यह है कि वन परिक्षेत्र कार्यालय के नजदीक अमहर बिट में ही वन तस्कर बेखौफ होकर बड़े-बड़े और पुराने वृक्षों को काट रहे हैं, जबकि जिम्मेदार वन अमला कार्रवाई करने के बजाय बेसुध नजर आ रहा है।
जानकारी के अनुसार जंगलों में प्रतिदिन नए-नए वृक्षों की कटाई की जा रही है। तस्करों के हौसले इतने बुलंद हैं कि कटे हुए लकड़ियों को जंगल में ही छोड़ दिया जा रहा है। वहीं वन विभाग अब तक इन लकड़ियों को अपने कब्जे में लेने तक की कार्रवाई नहीं कर पाया है, जिससे विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नए रेंजर की पदस्थापना के बाद अवैध कटाई पर रोक लगने की उम्मीद थी, लेकिन स्थिति में कोई खास सुधार देखने को नहीं मिला। जंगलों में लगातार हो रही कटाई से वन संरक्षण अभियान पूरी तरह खटाई में पड़ता दिखाई दे रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग की लापरवाही और सुस्त कार्यप्रणाली के कारण वन तस्करों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र की वन संपदा को भारी नुकसान हो सकता है।
अब बड़ा सवाल यह है कि जब वन परिक्षेत्र कार्यालय के आसपास के जंगल ही सुरक्षित नहीं हैं तो दूरस्थ वन क्षेत्रों की स्थिति क्या होगी। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज है और लोग जिम्मेदार अधिकारियों से कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *