रमेश गुप्ता भिलाई। कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस द्वारा वैशाली नगर थाना क्षेत्र में विशेष सघन चेकिंग एवं तलाशी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई तथा बिना नंबर की पांच संदिग्ध दोपहिया वाहनों को जब्त कर जांच शुरू की गई।

सुबह 4 बजे से चला विशेष अभियान
जानकारी के अनुसार नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर के नेतृत्व में शनिवार सुबह 4 बजे से 8 बजे तक जवाहर नगर स्थित बॉम्बे आवास एवं आईएसडीपी आवास क्षेत्र में विशेष तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की जांच करते हुए कई स्थानों पर सघन चेकिंग की।
चार संदिग्ध हिरासत में, वाहनों की जांच जारी
अभियान के दौरान पुलिस ने चार संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ एवं सत्यापन की कार्रवाई की। वहीं मौके से बिना नंबर की पांच संदिग्ध दोपहिया वाहन जब्त किए गए हैं। पुलिस इन वाहनों के दस्तावेज और स्वामित्व की जांच कर रही है।
वारंट तामीली और गिरफ्तारी की कार्रवाई
विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक स्थायी वारंट की भी तामीली की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना, फरार आरोपियों की तलाश करना तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण करना है।
कई थानों की संयुक्त टीम रही शामिल
पूरी कार्रवाई में थाना वैशाली नगर के साथ थाना नंदिनी, थाना नेवई, चौकी स्मृति नगर, चौकी जेवरा सिरसा, महिला थाना, यातायात थाना भिलाई एवं रक्षित केन्द्र दुर्ग के अधिकारियों और कर्मचारियों की संयुक्त टीम शामिल रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।