रायपुर. भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए रायपुर जिला प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने सभी संबंधित विभागों को तत्काल प्रभाव से युद्ध स्तर पर तैयारियां पूरी करने के कड़े निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन की प्राथमिकता नागरिकों को हीट स्ट्रोक से बचाना और सार्वजनिक स्थानों पर राहत के पुख्ता इंतजाम करना है। इसके तहत शहर के प्रमुख केंद्रों पर विशेष नजर रखी जा रही है ताकि बढ़ते तापमान से होने वाली जनहानि को रोका जा सके।
शहर के बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और प्रमुख बाजारों में आम जनता के लिए तत्काल प्रभाव से प्याऊ शुरू करने के आदेश दिए गए हैं। राहगीरों को तपती धूप से बचाने के लिए राजधानी के विभिन्न हिस्सों में कूलिंग शेल्टर का निर्माण किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग को विशेष रूप से अलर्ट पर रखा गया है और सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों व अस्पतालों में ओआरएस घोल, जीवन रक्षक दवाइयां और आईवी फ्लूड का पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित करने को कहा गया है। प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि वे दोपहर के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचें और गर्मी से बचाव के सभी सुरक्षा मानकों का पालन करें।