महज़ 1500 रुपये के लिए मर्डर : 7 नाबालिगों ने युवक को घेरकर कटर से गोदा, फिर कुएं में फेंकी लाश!

रमेश गुप्ता
दुर्ग। महज 1500 रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद ने एक युवक की जान ले ली। दुर्ग के मोहन नगर थाना क्षेत्र स्थित शक्ति नगर में पशु आहार किसान राईस मिल परिसर के कुएं में मिले युवक के शव के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या में शामिल सात नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पहले युवक को सुनसान जगह पर बुलाया, फिर पत्थर और कटर से हमला कर उसकी हत्या कर दी और शव को कुएं में फेंककर फरार हो गए।
एडिशनल एसपी एवं पुलिस प्रवक्ता मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि 18 जून की रात करीब साढ़े आठ बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि शक्ति नगर स्थित राईस मिल परिसर के कुएं में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। मृतक की पहचान यशवंत सारथी (26 वर्ष) निवासी दुर्ग के रूप में हुई। शव की स्थिति और चोटों को देखकर हत्या की आशंका स्पष्ट थी। इसके बाद मोहन नगर थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।


जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, घटनास्थल से मिले सुरागों और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर घटना में शामिल सात नाबालिगों को चिन्हित कर हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की पूरी साजिश का खुलासा किया।
पुलिस के अनुसार, मृतक यशवंत सारथी ने मुख्य आरोपी से 1500 रुपये उधार लिए थे। आरोपी कई दिनों से रकम वापस मांग रहा था, लेकिन मृतक पैसा नहीं लौटा रहा था। इसी बात को लेकर आरोपी के मन में नाराजगी बढ़ती गई और उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर हत्या की योजना बना ली।
योजना के तहत 17 जून की रात मुख्य आरोपी ने यशवंत को फोन कर शक्ति नगर स्थित राईस मिल परिसर में बुलाया। वहां पहले से मौजूद अन्य आरोपियों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने पत्थर से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार किए और बाद में कटर से सीने, पेट और पीठ पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को पास के कुएं में फेंक दिया गया।
एडिशनल एसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की गई। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सभी आरोपियों को पकड़ लिया। घटना में प्रयुक्त पत्थर, कटर और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद कर लिए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत कार्रवाई की है। सभी नाबालिग आरोपियों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में अपराध और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *