रायपुर में सफाई कर्मी लौटे काम पर, हड़ताल समाप्त

रायपुर। नगर पालिक निगम क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही अनुबंधित सफाई कर्मचारियों की बेमुद्दत हड़ताल आखिरकार समाप्त हो गई है। प्रशासनिक प्रयासों और सार्थक वार्ता के बाद कर्मचारियों ने काम पर लौटने का फैसला लिया है।शनिवार को रामकी कंपनी प्रबंधन और हड़ताली सफाई कर्मचारियों के प्रतिनिधियों के बीच हुई अहम बैठक में सहमति बन गई। सौहार्दपूर्ण माहौल में चली इस वार्ता के बाद कर्मचारियों ने 17 मई (रविवार) सुबह से पुनः अपने ड्यूटी पर लौटने की घोषणा कर दी।

बैठक में रायपुर जिला प्रशासन, रायपुर पुलिस, श्रम विभाग, तहसीलदार रायपुर और रायपुर नगर पालिक निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभी पक्षों के बीच लंबी चर्चा के बाद रामकी कंपनी के प्रतिनिधियों ने नगर निगम अधिकारियों को आधिकारिक रूप से जानकारी दी कि कर्मचारियों और प्रबंधन के बीच पूर्ण सहमति हो गई है तथा सभी हड़ताली कर्मचारी आज सुबह से नियमित कार्य पर वापस लौट रहे हैं।इस हड़ताल से शहर के विभिन्न वार्डों में सफाई व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई थी, जिसके कारण नागरिकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था।

प्रशासन के त्वरित हस्तक्षेप और निरंतर प्रयासों से विवाद का हल निकलने पर राहत की खबर आई है। नगर निगम अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि सफाई कर्मचारियों के काम पर लौटने से शहर में सफाई व्यवस्था जल्द ही सामान्य हो जाएगी और नागरिकों को बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी। प्रशासन ने सभी पक्षों के बीच सुलह कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हड़ताल समाप्त होने से न केवल सफाई कार्य सुचारू होगा, बल्कि मानसून से पहले शहर की सफाई और नालों की व्यवस्था को लेकर चल रहे कार्यों को भी गति मिलने की संभावना है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *