विकसित भारत-जी रामजी योजना से ग्रामीण विकास को मिलेगी नई गति

विकसित भारत-जी रामजी योजना से ग्रामीण विकास को मिलेगी नई गति
125 दिनों का रोजगार, समयबद्ध भुगतान और ग्रामसभा आधारित कार्ययोजना से सशक्त होंगे गांव

सूरजपुर / विकसित भारत-जी रामजी योजना के जिला स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन रिंग रोड स्थित ऑडिटोरियम में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर ऑडिटोरियम परिसर में योजना से संबंधित प्रदर्शनी का अवलोकन भी अतिथियों द्वारा किया गया, जहां अधिकारियों ने योजना के विभिन्न प्रावधानों, उद्देश्यों एवं क्रियान्वयन व्यवस्था की जानकारी दी।

कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े वर्चुअल माध्यम से मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम में वन विकास निगम के अध्यक्ष पैकरा, प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी, प्रतापपुर विधायक शकुंतला पोर्ते, जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणि पैकरा, उपाध्यक्ष रेखा राजलाल राजवाड़े, जनपद अध्यक्ष स्वाति सिंह, भीमसेन अग्रवाल, बाबूलाल अग्रवाल, रजनी रविशंकर त्रिपाठी व अन्य जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर श्रीमती रेना जमील, डीएफओ डी.पी. साहू, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और अधिकारी कर्मचारियों ने केंद्रीय क़ृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का वर्चुअल उद्बोधन सुना।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि विकसित भारत-जी रामजी योजना ग्रामीण विकास को नई गति देने वाली एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार, आजीविका संवर्धन तथा आधारभूत विकास को मजबूती प्रदान करेगी। उन्होंने जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण एवं जनभागीदारी को विकसित भारत के निर्माण का आधार बताते हुए सभी से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने कहा कि योजना के अंतर्गत शासन द्वारा पात्र ग्रामीण परिवारों को अब 100 दिनों के स्थान पर 125 दिनों तक रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामसभा के माध्यम से कार्यों का अनुमोदन किए जाने से स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता मिलेगी तथा गांवों के समग्र विकास को नई दिशा प्राप्त होगी। उन्होंने बताया कि विकसित भारत-जी रामजी योजना के अंतर्गत जल संरक्षण, सिंचाई, ग्रामीण अधोसंरचना, वृक्षारोपण, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, कृषि आधारित कार्य एवं टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण जैसे कार्यों को प्राथमिकता दी गई है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ-साथ स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण भी सुनिश्चित होगा।
प्रतापपुर विधायक ने कहा कि विकसित भारत-जी रामजी योजना गांवों के समग्र एवं सतत विकास का प्रभावी माध्यम बनेगी। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की सहभागिता से प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में यह योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
प्रेमनगर विधायक ने योजना के अंतर्गत रोजगार अवधि बढ़ाकर 125 दिवस किए जाने का स्वागत करते हुए ग्राम पंचायतों से स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकासोन्मुख कार्ययोजनाएं तैयार करने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने जिला ऑडिटोरियम के मरम्मत एवं संधारण कार्य के लिए विधायक निधि से 20 लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा भी की।

वन विकास निगम के अध्यक्ष ने ग्रामसभा आधारित कार्ययोजना, पारदर्शी कार्यप्रणाली एवं व्यापक वृक्षारोपण को जनआंदोलन का स्वरूप देने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और जनसहभागिता के माध्यम से ही ग्रामीण विकास के स्थायी परिणाम सुनिश्चित किए जा सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान विकसित भारत-जी रामजी योजना तथा ‘मोर गांव, मोर पानी’ अभियान पर आधारित प्रेरणादायी लघु फिल्मों का प्रदर्शन किया गया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों ने नशा मुक्त भारत एवं बाल विवाह उन्मूलन के लिए सामूहिक शपथ ग्रहण की। कार्यक्रम में मनरेगा के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले सरपंचों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजेंद्र सिंह पाटले ने आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *