तारबहार उपचुनाव में मतदान के दौरान राजनीतिक गरमाहट, कांग्रेस-भाजपा समर्थकों में हुई तीखी नोकझोंक

वार्ड क्रमांक 29 में 69.7 प्रतिशत मतदान, परिणामों पर टिकी सबकी निगाहें
बिलासपुर, 2 जून 2026। नगर निगम के वार्ड क्रमांक 29 संजय गांधी नगर (तारबहार) उपचुनाव का मतदान सोमवार को राजनीतिक गहमागहमी और कांग्रेस-भाजपा समर्थकों के बीच हुई तीखी झड़पों के बीच संपन्न हो गया। मतदान के दौरान स्वामी आत्मानंद स्कूल के बाहर दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप और बहस का दौर चलता रहा, जिससे चुनावी माहौल पूरी तरह गरमा गया।
सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। महिला, युवा और बुजुर्ग मतदाताओं ने भी उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया। निर्वाचन विभाग द्वारा जारी प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार वार्ड के कुल 5255 मतदाताओं में से 3665 मतदाताओं ने मतदान किया, जिससे कुल मतदान प्रतिशत 69.7 प्रतिशत दर्ज हुआ।
चुनाव के दौरान दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों ने एक-दूसरे पर चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन और मतदाताओं को प्रभावित करने के आरोप लगाए। कुछ मतदान केंद्रों के बाहर विवाद की स्थिति भी निर्मित हुई, हालांकि पुलिस और प्रशासन की तत्परता से मामला शांत कराया गया। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था।

कांग्रेस और भाजपा दोनों के वरिष्ठ नेता पूरे दिन मतदान केंद्रों का दौरा करते रहे और अपने-अपने पक्ष में माहौल बनने का दावा करते नजर आए। मतदान समाप्त होने के बाद दोनों दलों के नेताओं ने जीत का भरोसा जताते हुए कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह उपचुनाव केवल एक वार्ड का चुनाव नहीं, बल्कि शहर की राजनीति में जनमत की दिशा तय करने वाला मुकाबला बन गया है। यही कारण है कि मतदान के दौरान दोनों दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी।

अब पूरे शहर की निगाहें 4 जून को होने वाली मतगणना पर टिकी हुई हैं, जब यह स्पष्ट होगा कि तारबहार की जनता ने विकास और नेतृत्व के नाम पर किस प्रत्याशी को अपना समर्थन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *