देर रात तक डीजे बजाना मैरिज पैलेस संचालक को पड़ा महंगा, एसपी के निर्देश पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

रमेश गुप्ता भिलाई 3…. देर रात तक तेज आवाज में डीजे और लाउडस्पीकर चलाना एक मैरिज पैलेस संचालक को महंगा पड़ गया। विजय अग्रवाल के निर्देश पर पुरानी भिलाई पुलिस ने जयंती नगर स्थित मां लक्ष्मी मैरिज पैलेस के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।
रहवासियों की शिकायत के बाद पहुंची पुलिस
पुलिस को लगातार शिकायत मिल रही थी कि मैरिज पैलेस में देर रात तक तेज आवाज में डीजे और साउंड सिस्टम चलाया जा रहा है। इससे आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
जांच में सामने आया नियमों का उल्लंघन
मौके पर जांच के दौरान पाया गया कि निर्धारित समय सीमा के बाद भी ध्वनि विस्तारक यंत्र संचालित किए जा रहे थे। इसके अलावा आयोजन स्थल के बाहर अव्यवस्थित पार्किंग के कारण यातायात भी प्रभावित हो रहा था। पुलिस ने अनुमति संबंधी दस्तावेजों की जांच की, जिसमें आवश्यक नियमों के उल्लंघन की बात सामने आई।
धारा 152 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई
मामले में पुरानी भिलाई पुलिस ने धारा 152 बीएनएसएस के तहत इस्तगासा तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक आयोजनों में ध्वनि नियंत्रण नियमों का पालन करना अनिवार्य है।
एसपी ने दी सख्त चेतावनी
विजय अग्रवाल ने कहा कि आम नागरिकों की सुविधा और शांति बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। रात 10 बजे के बाद बिना अनुमति तेज आवाज में डीजे या लाउडस्पीकर चलाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगा l

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *