रायपुर में पेट्रोल-डीजल फिर महंगे, आम आदमी की जेब पर नया बोझ


रायपुर। मंगलवार को राजधानी रायपुर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। तेल कंपनियों ने दोनों ईंधनों के दाम करीब 90 पैसे प्रति लीटर बढ़ा दिए। अब यहां पेट्रोल की कीमत 104.32 रुपये प्रति लीटर हो गई है, जबकि डीजल 97.38 रुपये लीटर बिक रहा है।


इससे महज चार दिन पहले 15 मई को भी पेट्रोल और डीजल के दाम 3-3 रुपये प्रति लीटर बढ़ाए गए थे। इस तरह एक सप्ताह के अंदर दूसरी बार ईंधन महंगा होने से आम लोगों पर दोहरी मार पड़ी है। पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने का असर सिर्फ वाहन चालकों तक सीमित नहीं रहेगा। ट्रकों और मालवाहक वाहनों के परिवहन खर्च में इजाफा होने से दूसरे राज्यों से आने वाली सब्जियां, फल, राशन और अन्य जरूरी सामान भी महंगे हो सकते हैं।


खेती-किसानी में इस्तेमाल होने वाले ट्रैक्टर और पंपिंग सेट की लागत बढ़ने से कृषि कार्य भी प्रभावित होंगे। साथ ही बस, ऑटो और स्कूल वाहनों के किरायों में भी आने वाले दिनों में बढ़ोतरी की आशंका है।

कीमतों में बढ़ोतरी की खबर और सप्लाई को लेकर फैली अफवाहों के कारण सोमवार-मंगलवार को कई पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गई थीं, हालांकि अब स्थिति सामान्य बताई जा रही है।लगातार दो बढ़ोतरी के बाद अब देखना होगा कि सरकार या तेल कंपनियां आम जनता को राहत देने के लिए कोई कदम उठाती हैं या नहीं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *