रायपुर-कोरबा नेशनल हाईवे पर मौत का तांडव: अज्ञात वाहन से टकराकर धधका ट्राला, जिंदा जला ड्राइवर

बिलासपुर। तखतपुर के समीप रायपुर-कोरबा नेशनल हाईवे पर रविवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है जिसमें रफ्तार के कहर ने एक जान ले ली। समलपुरी ब्रिज के पास एक तेज रफ्तार ट्राला अनियंत्रित होकर सामने चल रहे अज्ञात वाहन से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्राला देखते ही देखते मलबे में तब्दील हो गया और उसमें भीषण आग लग गई। इस खौफनाक मंजर के बीच ट्राला चालक को वाहन से निकलने का मौका तक नहीं मिला और उसकी मौके पर ही जलकर दर्दनाक मौत हो गई। सकरी थाना क्षेत्र की इस घटना ने हाईवे पर सुरक्षा इंतजामों और तेज रफ्तार पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं

घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद आग ने पूरे केबिन को अपनी चपेट में ले लिया था। सकरी थाना प्रभारी विजय चौधरी अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और यातायात को सुचारू करने के लिए क्षतिग्रस्त वाहन को हटाने का काम शुरू कराया। एसएसपी रजनेश सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शुरुआती जांच में ऐसा लग रहा है कि ड्राइवर को अचानक झपकी आने की वजह से यह हादसा हुआ होगा। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है और हाईवे को पूरी तरह क्लियर कराने का प्रयास जारी है ताकि अन्य राहगीरों को आवाजाही में परेशानी न हो।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *