नारायणपुर में सरकारी संसाधनों के इस्तेमाल को लेकर एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। भीषण गर्मी और जल संकट के बीच एक पालतू तोते को नीचे उतारने के लिए फायर ब्रिगेड की मदद ली गई और इस दौरान हजारों लीटर पानी खर्च कर दिया गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना OBC बॉयज हॉस्टल के पास की है, जहां एक पालतू तोता उड़कर पेड़ पर जा बैठा और काफी देर तक वहीं रहा। बताया जा रहा है कि यह तोता किसी सेफ्टी डिपार्टमेंट के एक वरिष्ठ अधिकारी का था। उसे सुरक्षित नीचे लाने के लिए दमकल वाहन को मौके पर बुलाया गया।
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने पेड़ पर पानी की तेज बौछार कर तोते को नीचे उतारने की कोशिश की। काफी पानी बहाने के बाद तोता पेड़ से उड़कर पास की एक इमारत की छत पर पहुंच गया, जहां अंततः उसे पकड़ लिया गया। बताया जा रहा है कि इस कार्रवाई में नगर सेना के दमकल वाहन का उपयोग किया गया।
वीडियो वायरल होने के बाद लोग इस घटना को लेकर नाराजगी जता रहे हैं। उनका कहना है कि फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवा का इस्तेमाल आग, हादसों और आपदा के समय किया जाना चाहिए, न कि निजी मामलों के लिए। खासकर ऐसे समय में, जब कई इलाकों में पानी की किल्लत बनी हुई है, इस तरह का उपयोग गैर-जिम्मेदाराना माना जा रहा है।
फिलहाल यह मामला प्रशासनिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है और सरकारी संसाधनों के सही उपयोग को लेकर बहस तेज हो गई है।
यहां देखें वीडियो:-