लखनऊ।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के ठाकुरगंज इलाके से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां काशी विहार इलाके में रहने वाली 29 साल की नवविवाहिता श्वेता सिंह का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला है। घटना के बाद से ही पूरे इलाके में मातम और हड़कंप का माहौल है। श्वेता के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और गला घोंटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पति और सास-ससुर समेत 5 लोगों के खिलाफ नामजद केस दर्ज कर लिया है।

शादी के दिन ही दूल्हे ने मांगी थी मोटी रकम
श्वेता सिंह की शादी पिछले साल 22 नवंबर 2025 को काशी विहार के रहने वाले शिवम सिंह उर्फ भूपेंद्र से हुई थी, जो एक लैब में काम करता है। श्वेता की बहनों ने रोते हुए बताया कि उन्होंने अपनी हैसियत से बढ़कर धूमधाम से शादी की थी। लेकिन शादी के दिन ही दूल्हे भूपेंद्र ने दहेज की एक बड़ी मांग सामने रख दी। मांग पूरी न होने पर वह विदाई के वक्त इतना नाराज हुआ कि उसने श्वेता को किसी से मिलने तक नहीं दिया। उस वक्त दामाद को मनाने के लिए श्वेता के बुजुर्ग पिता ने सबके सामने उसके पैर तक पकड़े थे, लेकिन भूपेंद्र का दिल नहीं पघला।
बेड-सोफे पर मारते थे ताने, चाहिए थी स्कॉर्पियो
परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले श्वेता को कम दहेज के लिए लगातार मारते-पीटते और ताने देते थे। पति भूपेंद्र मायके से मिले सोफे और बेड को खराब बताकर हर दिन लड़ता था और मायके से स्कॉर्पियो गाड़ी मांगकर लाने का दबाव बना रहा था। श्वेता की ननद भी उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के लिए व्हाट्सएप पर ‘सूअर का खानदान’ जैसे बेहद आपत्तिजनक स्टेटस लगाती थी। भूपेंद्र ने श्वेता की नौकरी भी छुड़वा दी थी ताकि वह अपने पैरों पर न खड़ी हो सके।
शरीर पर मिले चोट और खून के निशान
श्वेता की मां बीमार हैं और अस्पताल में भर्ती हैं। शनिवार रात श्वेता अपनी मां को देखने मायके आई थी और फिर ससुराल लौट गई। रविवार सुबह अचानक मायके वालों को फोन आया कि श्वेता ने खुदकुशी कर ली है। भाई जब तक पहुंचा, ससुराल वाले शव को फंदे से उतारकर केजीएमयू (KGMU) ट्रॉमा सेंटर ले जा चुके थे। बड़ी बहन का कहना है कि श्वेता के पैरों पर गंभीर चोट और खून के निशान थे, जिससे साफ है कि उसकी हत्या की गई है। पुलिस फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की बारीकी से तफ्तीश कर रही है।