सॉफ्टवेयर इंजीनियर का सनकीपन, पहले हत्या फिर किया सुसाइड

गुरुग्राम के सेक्टर-55 में एक बेहद डरावनी घटना सामने आई है। यहाँ एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने अपनी प्रेमिका की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद उसने खुद भी रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। इस दोहरी मौत ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है।

कॉल न उठाने पर खुला राज

मृतक युवती का नाम इशाका था, जो उत्तर प्रदेश की रहने वाली थी। वह कुछ समय से गुरुग्राम में रह रही थी। परिजनों का कहना है कि उन्होंने उसे कई कॉल किए, लेकिन जब कोई जवाब नहीं मिला तो वे चिंतित हो गए। परिवार ने तुरंत गुरुग्राम के सेक्टर-56 थाना पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस की टीम जब युवती के किराए के मकान पर पहुँची तो कमरा अंदर से बंद था।

खून से लथपथ मिला शव

दरवाजा खोलकर अंदर जाने पर पुलिस के होश उड़ गए। इशाका का शव फर्श पर खून से लथपथ पड़ा था। उसे चाकू से कई बार गोदा गया था। शुरुआती जांच में ही यह साफ हो गया था कि हत्या बहुत बेरहमी से की गई है। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के लिए विशेषज्ञों की टीम को मौके पर बुलाया।

रेलवे ट्रैक पर मिली आरोपी की लाश

पुलिस ने अपनी छानबीन शुरू की तो पता चला कि युवती का दोस्त श्रेष्ठ मलिक उससे मिलने उसके घर आया था। श्रेष्ठ भिलाई का रहने वाला था। पुलिस अभी उसे ढूंढ ही रही थी कि सूचना मिली कि रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिला है। जांच के बाद यह पुष्टि हुई कि यह शव आरोपी श्रेष्ठ मलिक का ही था। उसने युवती की हत्या करने के बाद ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली थी।

जांच में जुटी पुलिस

सेक्टर-56 थाना पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अब मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। दोनों के बीच क्या विवाद था या इस खौफनाक कदम की असल वजह क्या थी, यह जानने के लिए उनकी कॉल डिटेल्स और सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस के मुताबिक, रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी स्थिति साफ हो पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *