नीट-यूजी 2026: अम्बिकापुर के 12 केंद्रों में परीक्षा आज, 4939 परीक्षार्थी होंगे शामिल, प्रशासन मुस्तैद

NEET-UG 2026 Ambikapur : अम्बिकापुर। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 का आयोजन आज, 3 मई को होने जा रहा है। जिला प्रशासन ने परीक्षा को पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। अम्बिकापुर शहर में बनाए गए कुल 12 परीक्षा केंद्रों में आज 4939 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक एक ही पाली में आयोजित की जाएगी।

दोपहर 1:30 बजे के बाद एंट्री बंद परीक्षा के नियमों के मुताबिक, समय का पालन करना अनिवार्य है। केंद्रों के गेट सुबह 11:00 बजे से खोल दिए गए हैं ताकि सघन तलाशी समय पर पूरी हो सके। पारंपरिक या धार्मिक पोशाक पहनने वाले अभ्यर्थियों को 12:30 बजे तक रिपोर्ट करने को कहा गया है। सभी परीक्षार्थियों को 1:15 बजे तक अपनी सीट पर बैठना होगा। दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी भी छात्र को केंद्र के भीतर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

साथ रखें ये जरूरी दस्तावेज परीक्षार्थियों को अपने साथ एडमिट कार्ड का स्पष्ट कलर प्रिंटआउट, पासपोर्ट साइज फोटो और प्रोफॉर्मा पर चिपकी पोस्टकार्ड साइज फोटो लाना अनिवार्य है। पहचान के लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी या ड्राइविंग लाइसेंस में से कोई एक मूल दस्तावेज (Original ID) साथ रखना होगा।

सख्त ड्रेस कोड और पाबंदियां परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए कड़ा ड्रेस कोड लागू है। परीक्षार्थी हल्के रंग के आधी बाजू वाले कपड़े पहनकर ही शामिल हो सकेंगे। जूते पहनकर आने पर पाबंदी है, केवल साधारण चप्पल या कम ऊंचाई वाली सैंडल ही मान्य होगी। इसके अलावा मोबाइल, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर, वॉलेट और गहने पहनकर आने की अनुमति नहीं है। पेन भी परीक्षा केंद्र द्वारा ही उपलब्ध कराया जाएगा।

बायोमेट्रिक हाजिरी और विशेष छूट पारदर्शिता के लिए सभी परीक्षार्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति ली जाएगी। वहीं, डायबिटीज से पीड़ित परीक्षार्थियों को विशेष राहत देते हुए पारदर्शी बोतल में पानी, चीनी की गोलियां और फल साथ ले जाने की अनुमति दी गई है। जिला प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों से नियमों का पालन करने और समय से पहले केंद्र पहुंचने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *