अंबिकापुर। सीतापुर के राजापुर उप तहसील में पदस्थ नायब तहसीलदार को आखिरकार उनके पद से हटा दिया गया है। सरगुजा कलेक्टर ने इसका आदेश 3 जून को ही जारी कर दिया था, जिसे आज सार्वजनिक किया गया। हटाए गए नायब तहसीलदार को अंबिकापुर कलेक्टर कार्यालय में संबद्ध (अटैच) किया गया है। इस कार्रवाई के बाद अब सीतापुर एसडीएम फागेश सिन्हा को भी हटाए जाने की अटकलें तेज हो गई हैं, और संभावना है कि अगले एक-दो दिनों में उनका भी तबादला आदेश जारी हो सकता है।
गौरतलब है कि नायब तहसीलदार और सीतापुर विधायक के बीच उपजे विवाद के बाद से ही प्रदेशभर के तहसीलदार और नायब तहसीलदार अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए थे।
क्या है पूरा मामला? बीते 27 मई को सीतापुर विधायक की बहन द्वारा नायब तहसीलदार पर बदसलूकी का आरोप लगाया गया था। इसके बाद नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने विधायक और उनके समर्थकों पर मारपीट करने का आरोप लगाया। विधायक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ‘छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ’ के आह्वान पर अधिकारी-कर्मचारी 1 से 3 जून तक हड़ताल पर रहे, जिससे प्रदेश के राजस्व कार्यालयों में कामकाज पूरी तरह ठप हो गया था और आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
इस गतिरोध के बीच कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के पदाधिकारियों की राजस्व मंत्री और सचिव के साथ उच्च स्तरीय बैठक हुई, जिसमें मारपीट के आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। इसी कड़ी में 3 जून को विधायक की पहल पर उनके दो समर्थकों ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। इसके साथ ही सीतापुर विधायक ने कलेक्टर से मुलाकात कर एसडीएम फागेश सिन्हा और नायब तहसीलदार को तत्काल सीतापुर से हटाने की मांग की थी।
कलेक्टर ने जारी किया आदेश विधायक समर्थकों के सरेंडर और दोनों अधिकारियों को हटाने की मांग के तुरंत बाद कलेक्टर ने आदेश जारी कर नायब तहसीलदार को राजापुर उप तहसील से हटा दिया। उनकी जगह अब सीतापुर तहसीलदार उमेश बाज को राजापुर उप तहसील का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
एसडीएम पर भी लटकी तलवार नायब तहसीलदार पर हुई इस कार्रवाई के बाद अब सीतापुर एसडीएम फागेश सिन्हा को भी हटाए जाने की चर्चाएं प्रशासनिक गलियारों में गर्म हैं। माना जा रहा है कि एक से दो दिनों के भीतर उन्हें भी सीतापुर से हटा दिया जाएगा। दूसरी ओर, तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों द्वारा हड़ताल वापस लिए जाने के बाद अब सभी राजस्व कार्यालयों में कामकाज दोबारा सुचारू रूप से शुरू हो गया है।