रायगढ़ । एक व्यवसायी की करोड़ों रुपये की संपत्ति और व्यवसायिक आय हड़पने के कथित षड्यंत्र का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद व्यवसायी की पत्नी और साले को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
एडिशनल एसपी अनिल कुमार सोनी ने बताया कि घरघोड़ा निवासी व्यवसायी पिंगल कुमार बघेल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी मेहनत की कमाई, व्यवसाय से अर्जित राशि और संपत्तियों पर कब्जा करने के उद्देश्य से उसकी पत्नी, साले और ससुर ने मिलकर सुनियोजित तरीके से षड्यंत्र रचा। मामले की जांच एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी द्वारा की गई, जिसमें प्रथम दृष्टया चोरी, धोखाधड़ी, गबन और आपराधिक षड्यंत्र के आरोप सही पाए गए।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि वह फेब्रिकेशन, सेंट्रिंग और मीडिया व्यवसाय से जुड़ा है तथा व्यवसाय से प्राप्त राशि अपनी पत्नी को सुरक्षित रखने के लिए सौंपता था। बाद में उसे संदेह हुआ कि घर में उपलब्ध नकदी और व्यवसायिक आय में अंतर है। शिकायत के अनुसार, सीसीटीवी निगरानी के दौरान पत्नी द्वारा अलमारी से रकम निकालकर अपने भाई को देने की जानकारी मिली। जांच में साले के बैंक खाते में लगभग 22 लाख रुपये के लेन-देन का भी उल्लेख किया गया है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि वर्ष 2022 में तमनार क्षेत्र में संभावित अधिग्रहण और मुआवजे वाली भूमि खरीदने की योजना के दौरान आरोपियों ने दबाव बनाकर करीब 13.50 लाख रुपये मूल्य की भूमि पत्नी के नाम पर रजिस्ट्री करा ली। इसके बाद अन्य संपत्तियों पर अधिकार करने के उद्देश्य से मानसिक प्रताड़ना दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
जांच प्रतिवेदन के आधार पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 188/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी सीमा बघेल (41) और कृष्ण कुमार यादव (39) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है। प्रकरण में नामजद एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी अभी शेष है, जिसकी तलाश जारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि आर्थिक अपराध, धोखाधड़ी और गबन जैसे मामलों में किसी भी आरोपी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा तथा पीड़ितों को न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिकता है।
करोड़ों की संपत्ति हड़पने की साजिश का खुलासा, पत्नी और साला गिरफ्तार

05
Jun