साइबर ठगी के मामले में प्रयुक्त म्यूल एकाउंट खाता धारक आरोपी गिरफ्तार

अम्बिकापुर, 17 जनवरी 2026 // थाना गांधीनगर पुलिस टीम द्वारा साइबर ठगी के मामले में प्रयुक्त म्यूल एकाउंट खाता धारक आरोपी के विरुद्ध सख़्ती से कार्यवाही करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से बैंक खाता पासबुक, आधार कार्ड, पैन कार्ड एवं 01 नग मोबाइल फोन जप्त किया गया है। आरोपी के खाते में धोखाधड़ी अपराध से सम्बंधित कुल 2,06,786/- रुपये प्राप्त होना पाये जाने पर यह कार्यवाही की गई है।

भारतीय साइबर अपराध समन्वय केन्द्र (I4C) द्वारा संचालित समन्वय पोर्टल से प्राप्त सूची अनुसार फर्जी मोबाइल नम्बरों को जारी करने वाले पॉइंट ऑफ़ सेल्स (पीओएस) और म्यूल अकाउंट खाता धारकों के विरुद्ध सख़्ती से कार्यवाही किये जाने के सम्बन्ध में पुलिस मुख्यालय रायपुर से दिशा निर्देश प्राप्त हुए हैं। इसी क्रम में दस्तावेजों के अवलोकन पर म्यूल एकाउंट के मामले में संबंधित बैंक खाते में लिंक मोबाईल नंबर का धारक अमरेन्द्र सिंह पिता अभय राज सिंह, निवासी वार्ड नंबर 27 गुरुनानक वार्ड महाराजा गली अम्बिकापुर, जिला सरगुजा का होना पाया गया।

आरोपी द्वारा चोरी, छल या अपराध से संबंधित 2,06,786/- रुपये को छल पूर्वक प्राप्त करने हेतु अपने सिम व बैंक खाता का उपयोग षडयंत्र पूर्वक किया जाना पाया गया। यह कृत्य धारा 317(4), 318 (4) BNS एवं 66 डी आईटी एक्ट के तहत अपराध की श्रेणी में आता है, जिस पर थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 34/26 दर्ज कर विवेचना में लिया गया।

विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा आरोपी अमरेन्द्र सिंह को तलब कर पूछताछ की गई। आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि उसके भाई की बिरयानी दुकान में आने वाले एक युवक ने अपने खाते में रकम नहीं आने का बहाना बनाकर आरोपी के खाते में कुल 2 लाख 06 हजार 786 रुपये डलवाए थे, जिसे बाद में अन्य खातों में ट्रांसफर कराया गया। आरोपी द्वारा पेश किए जाने पर पुलिस ने उसका बैंक खाता पासबुक, आधार कार्ड, पैन कार्ड व मोबाईल फोन जप्त कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध अपराध सिद्ध होने पर उसे गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है।

सम्पूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, आरक्षक अरविन्द उपाध्याय, ऋषभ सिंह, घनश्याम देवांगन, वीरेंद्र पैकरा, अशोक यादव एवं अमनपुरी सक्रिय रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *