दिल्ली के मोती बाग में एम्बुलेंस में लगी भीषण आग, ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से मचा हड़कंप

दिल्ली के मोती बाग फ्लाईओवर के पास गुरुवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सफदरजंग अस्पताल की एक कैट्स एम्बुलेंस में अचानक आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग इतनी जबरदस्त थी कि वाहन में रखा ऑक्सीजन सिलेंडर धमाके के साथ फट गया। इस ब्लास्ट की चपेट में आने से पास खड़ी एक मोटरसाइकिल भी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। राहत की बात यह रही कि घटना के समय एम्बुलेंस खाली थी और ड्राइवर समय रहते सुरक्षित बाहर निकल गया।

दक्षिण-पश्चिम दिल्ली पुलिस के अनुसार, यह एम्बुलेंस एक मरीज को समालखा छोड़कर वापस सफदरजंग अस्पताल लौट रही थी। शाम करीब 7:20 बजे जब गाड़ी मोती बाग फ्लाईओवर के पास पहुंची, तब कंडक्टर सीट के नीचे शॉर्ट सर्किट की वजह से धुआं उठने लगा। ड्राइवर ने तत्काल सूझबूझ दिखाई और एम्बुलेंस को सड़क किनारे खड़ी कर दी। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी गाड़ी को घेर लिया।

हादसे के बाद फ्लाईओवर पर धुएं का काला गुबार छा गया, जिससे वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रुक गई। सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। इस घटना के कारण सड़क पर करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा और लंबा जाम लग गया। आग बुझने के बाद पुलिस ने रास्ता दोबारा खुलवाया।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम को मौके पर बुलाया है ताकि तकनीकी जांच की जा सके। शुरुआती जांच में आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि एम्बुलेंस में सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है और जांच जारी है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *