कोरिया तिहरा हत्याकांड : पुलिस के चक्रव्यूह में फंसे सभी 5 मास्टरमाइंड

कोरिया। सोनहत थाना क्षेत्र के ग्राम नौगई में हुए चर्चित तिहरे हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कार में आग लगाकर तीन लोगों की जान लेने वाले सभी 5 मुख्य आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस महानिरीक्षक (सरगुजा रेंज) दीपक कुमार झा के निर्देशन, एमसीबी पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (कोरिया) डॉ. सुरेशा चौबे के मार्गदर्शन में एमसीबी और कोरिया पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की है।

कार में आग लगाकर ली थी 3 लोगों की जान यह सनसनीखेज मामला 16 जून की रात का है, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया था। आपसी रंजिश के चलते एक कार में आग लगा दी गई थी, जिसमें झुलसने से 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। मामले में महल पारा बैकुंठपुर निवासी प्रार्थी आदित्य सिंह की रिपोर्ट पर सोनहत थाने में अपराध क्रमांक 66/2026 के तहत बीएनएस (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पहले ही 4 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया था।

पुलिस के चौतरफा दबाव के आगे टेक दिए घुटने घटना के बाद से ही मुख्य आरोपी फरार चल रहे थे। संयुक्त पुलिस टीम ने आरोपियों के ठिकानों पर लगातार दबिश दी और उनके परिजनों व सहयोगियों पर चौतरफा दबाव बनाया। पुलिस के बढ़ते दबाव के आगे आखिरकार आरोपियों को घुटने टेकने पड़े। पुलिस ने 20 जून को सभी फरार 5 मुख्य आरोपियों को धरदबोचा और उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपी:

  1. निशांत त्रिपाठी (पिता सत्य कुमार त्रिपाठी)
  2. मनोज त्रिपाठी (पिता राममिलन त्रिपाठी)
  3. अमन त्रिपाठी (पिता महेंद्र त्रिपाठी)
  4. गौरव त्रिपाठी (पिता अंजनी त्रिपाठी)
  5. आशुतोष त्रिपाठी (पिता मनोज त्रिपाठी) (सभी निवासी: ग्राम नौगई, थाना सोनहत)

इस मामले में पुलिस की आगे की विवेचना और कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *