खारुन नदी पुलिया मरम्मत पूर्ण, कुम्हारी टोल के आगे दोनों पुल आमजन के लिए खुले…

रमेश गुप्ता भिलाई । कुम्हारी थाना क्षेत्र अंतर्गत कुम्हारी टोल प्लाजा के आगे खारुन नदी पर स्थित पुलिया का मरम्मत कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। एडिशनल एसपी यातायात सुश्री रिचा मिश्रा ने बताया कि शुक्रवार को कार्य पूरा होते ही दोनों पुलों को आम नागरिकों एवं सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन के लिए सुरक्षित रूप से खोल दिया गया, जिससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था पुनः सुचारू हो गई है।


मरम्मत कार्य के चलते पिछले कुछ दिनों से इस महत्वपूर्ण मार्ग पर यातायात आंशिक रूप से प्रभावित था। कार्य के दौरान पुलिस एवं प्रशासन द्वारा वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था के साथ आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए थे, जिनका नागरिकों ने पूरी जिम्मेदारी के साथ पालन किया। इसी सहयोग के चलते निर्धारित समय में मरम्मत कार्य पूर्ण करना संभव हो सका।
दुर्ग पुलिस द्वारा मरम्मत अवधि में यातायात को नियंत्रित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रखी गई। अधिकारियों के अनुसार पुलों के पुनः प्रारंभ होने से कुम्हारी, भिलाई एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
नागरिकों के सहयोग के लिए आभार
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने मरम्मत कार्य के दौरान आम नागरिकों, दुर्गवासियों एवं इस मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों द्वारा दिए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया है। साथ ही सभी से अपील की गई है कि यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें और भविष्य में भी पुलिस-प्रशासन का सहयोग बनाए रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *