भिलाई में पुलिस का तड़के सघन सर्च अभियान, खुर्सीपार के संदिग्ध इलाकों में 100 जवानों ने दी दबिश

रमेश गुप्ता भिलाई। कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से सोमवार तड़के खुर्सीपार क्षेत्र में विशेष सघन चेकिंग एवं कांबिंग गश्त अभियान चलाया। सुबह 4 बजे से 9 बजे तक चले इस अभियान में 100 से अधिक पुलिस जवानों ने अलग-अलग इलाकों में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की व्यापक जांच की।
एडिशनल एसपी एवं पुलिस प्रवक्ता मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि खुर्सीपार थाना क्षेत्र के डॉ. राजेंद्र प्रसाद नगर, शिवाजी नगर, अटल आवास देवार बस्ती, मछली मार्केट और ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाया।
500 मकानों और 200 ट्रेलर-ट्रकों की जांच
अभियान के दौरान पुलिस ने करीब 500 मकानों की तलाशी एवं सत्यापन कार्यवाही की। वहीं ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में लगभग 200 ट्रेलर और ट्रक वाहनों की जांच की गई।
ड्राइवरों और क्लीनरों के लाइसेंस, वाहन दस्तावेज और आधार कार्ड का सत्यापन किया गया। साथ ही दोपहिया और चारपहिया वाहनों की डिक्की चेकिंग कर संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी गई।
7 संदिग्ध बाइक जब्त, 3 लोगों से पूछताछ
चेकिंग के दौरान पुलिस ने 7 संदिग्ध मोटरसाइकिल जब्त की हैं। वहीं 3 संदिग्ध व्यक्तियों को पूछताछ के लिए थाना खुर्सीपार लाया गया है। पुलिस उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
अभियान के दौरान मादक पदार्थों के परिवहन, अवैध गतिविधियों और धारदार हथियार रखने वालों पर विशेष निगरानी रखी गई।
इन क्षेत्रों में हुई विशेष कार्रवाई
पुलिस द्वारा जिन क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया जिसमें
डॉ. राजेंद्र प्रसाद नगर, खुर्सीपार
शिवाजी नगर, खुर्सीपार
अटल आवास देवार बस्ती
मछली मार्केट क्षेत्र ट्रांसपोर्ट नगर किया गया है l
पुलिस ने लोगों से मांगा सहयोग
पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि पुलिस की सुरक्षा एवं चेकिंग कार्यवाहियों में सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की सूचना तत्काल डायल-112 या नजदीकी थाना को दें।
उन्होंने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर नियंत्रण के लिए दुर्ग पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *