सक्ती। हिंदू संघर्ष समिति के राष्ट्रीय महासचिव अनूप पांडेय के आदेशानुसार डॉ. चौलेश्वर चंद्राकर को संगठन का नया राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया गया है। अपनी इस नियुक्ति पर आभार जताते हुए डॉ. चौलेश्वर चंद्राकर ने कहा कि संगठन ने उन्हें जो भी जिम्मेदारी सौंपी है, वे उस पर पूरी तरह खरा उतरेंगे।
डॉ. चौलेश्वर चंद्राकर का छात्र राजनीति से ही छत्तीसगढ़ में एक लंबा और संघर्षपूर्ण सफर रहा है। पृथक छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण आंदोलन के दौरान उन्होंने नई दिल्ली से लेकर पूरे प्रदेश का दौरा किया और राज्य गठन के लिए युवाओं की एक मजबूत टीम खड़ी करने में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मूल रूप से जांजगीर-चांपा (सक्ती) के निवासी डॉ. चंद्राकर वर्तमान में राजधानी रायपुर को केंद्र बनाकर राजनीतिक व सामाजिक क्षेत्रों में लगातार सक्रिय हैं।

वह वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य होने के साथ-साथ दुर्ग संभाग के प्रभारी की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। शैक्षणिक रूप से वे एम.ए., एम.फिल. और पीएच.डी. होल्डर हैं, साथ ही वे गोल्ड मेडलिस्ट भी रहे हैं। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा उनकी खेल, संस्कृति व सामाजिक सेवाओं को देखते हुए 1 नवंबर 2007 को राज्य अलंकरण समारोह में प्रतिष्ठित ‘पंडित रविशंकर शुक्ल सम्मान’ से नवाजा जा चुका है। इसके अलावा, वे बस्तर में हुए भीषण झीरम घाटी नक्सली हमले में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल भी हुए थे।
राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी मिलने पर डॉ. चौलेश्वर चंद्राकर ने राष्ट्रीय नेतृत्व का धन्यवाद करते हुए कहा, “छत्तीसगढ़ सनातनियों की पावन भूमि है। यह मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम का ननिहाल और माता कौशल्या की धरा है। यहाँ प्रभु राम के चरण पड़े हैं और यह महान संत-ऋषि-मुनियों की तपोभूमि रही है। हम इसी गौरवशाली सनातन संस्कृति और मूल्यों को आगे बढ़ाने का लक्ष्य लेकर निरंतर कार्य करेंगे।”